जो सीखा, वह प्रस्तुति में दिखा” – डॉ. बृजबाला राय : डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Feb 4, 2026
“जो सीखा, वह प्रस्तुति में दिखा” – डॉ. बृजबाला राय
डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत
उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के सौजन्य से विद्यार्थियों हेतु आयोजित ब्यूटीशियन कोर्स तथा एनीमेशन एवं ग्राफिक डिजाइनिंग दो प्रशिक्षण कार्यक्रमों का समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात प्रशिक्षणार्थी विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
विवेकानंद मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के समन्वयक एवं ट्रेनिंग व प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. विजय गंभीर ने बताया कि इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य प्रधानमंत्री एवं शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों में उनकी रुचि के अनुसार कौशल विकास कर उन्हें स्वरोजगार की ओर उन्मुख करना है।
मुख्य अतिथि, स्वामी विवेकानंद मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संभागीय समन्वयक डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में यह प्रकोष्ठ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं कौशल विकास हेतु कार्यरत है, जिसका लक्ष्य प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार एवं प्लेसमेंट उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक स्किल डेवलपमेंट से भारत की अर्थव्यवस्था 2030 तक 60 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है।
विशिष्ट अतिथि, शासकीय औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान के प्राचार्य श्री निखिल सिंघल ने विद्यार्थियों को स्टीव जॉब्स की जीवनी पढ़ने की प्रेरणा देते हुए आत्मविश्वास और संघर्ष की महत्ता पर प्रकाश डाला।
ब्यूटीशियन कोर्स प्रदाता संस्था महिंद्रा स्किल्स ट्रेनिंग प्रा. लि. के ब्रांच मैनेजर श्री सुनील बंसल ने कहा कि यह कोर्स सीखकर विद्यार्थी स्वयं का पार्लर प्रारंभ कर आजीविका अर्जित कर सकते हैं।
एनीमेशन एवं ग्राफिक डिजाइनिंग प्रशिक्षण संस्था मीना एनीमेशन सेंटर के डायरेक्टर श्री हेमंत राजोरिया ने इस क्षेत्र में फिल्म इंडस्ट्री एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार व स्वरोजगार की व्यापक संभावनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बृजबाला राय ने कहा कि वर्तमान समय में सीमित नौकरियों के बीच ऐसे कौशल आधारित प्रशिक्षण विद्यार्थियों को उद्यमी एवं स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि “विद्यार्थियों ने जो सीखा, वह उनकी प्रस्तुति में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।”
अतिथियों द्वारा दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
बीस दिवसीय ब्यूटीशियन कोर्स का प्रतिवेदन अंशु राठौर तथा एनीमेशन एवं ग्राफिक डिजाइनिंग का प्रतिवेदन आदित्य सिंह चौहान द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। ब्यूटीशियन कोर्स की प्रशिक्षक श्रीमती पूजा राठौर ने विद्यार्थियों की लगन एवं अनुशासन की सराहना की।
स्वागत भाषण डॉ. ज्योति शर्मा ने दिया एवं आभार प्रदर्शन डॉ. कमलेश कपूर ने किया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा मान्या निषाद एवं छात्र सचिन कुशवाह ने किया।
पूर्णतः छात्र-छात्राओं द्वारा संचालित इस कार्यक्रम की अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने सराहना की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विज्ञापन