भोपाल, 4 नवंबर। नेहरू नगर क्षेत्र के रहवासियों ने बुधवार शाम कमला नगर : नेहरू नगर के रहवासियों ने नागरिक समस्याओं को लेकर थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Nov 5, 2026
नेहरू नगर के रहवासियों ने नागरिक समस्याओं को लेकर थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
भोपाल, 4 नवंबर। नेहरू नगर क्षेत्र के रहवासियों ने बुधवार शाम कमला नगर थाना प्रभारी को क्षेत्र की विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। नागरिकों ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं स्वस्थ सामाजिक वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन से सकारात्मक एवं ठोस कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से सार्वजनिक स्थलों, पार्कों एवं अन्य स्थानों पर रात्रि 8 बजे के बाद होने वाली नशाखोरी तथा असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर नियंत्रण की मांग की गई। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास पान गुमटियों और दुकानों पर कोटपा अधिनियम, 2003 का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया।
रहवासियों ने निर्धारित समय सीमा में भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने, किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन (PVR) कराने तथा मकान मालिकों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अवैध अथवा अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
ज्ञापन में सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग, फुटपाथों पर लगने वाले ठेले एवं फुटकर विक्रेताओं की व्यवस्था को नियंत्रित करने का भी निवेदन किया गया। नागरिकों ने शराब दुकानों के आसपास खुलेआम ठेलों एवं फुटपाथों पर सार्वजनिक रूप से मदिरापान किए जाने पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को इन ज्वलंत समस्याओं के समाधान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशीलता भी व्यक्त की।

विज्ञापन