यूपीआई की सफलता भारतीय तकनीकी क्षमता का उदाहरण : स्वदेशी केवल उत्पाद नहीं, बल्कि एक भाव है, नागरिक भी निभाएं अपना कर्तव्य : डॉ. लोकेन्द्र सिंह
Ashwani Kumar Sinha
Sun, Nov 1, 2026
स्वदेशी केवल उत्पाद नहीं, बल्कि एक भाव है, नागरिक भी निभाएं अपना कर्तव्य : डॉ. लोकेन्द्र सिंह
यूपीआई की सफलता भारतीय तकनीकी क्षमता का उदाहरण, स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का किया आह्वान
भोपाल। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय परिसर में 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित स्वदेशी मेले के नौवें दिन माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक, लेखक एवं चिंतक डॉ. लोकेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वदेशी केवल कोई वस्तु या उत्पाद नहीं, बल्कि एक विचार और भाव है। स्वदेशी को लेकर उपहास करने वालों की बातों पर ध्यान देने के बजाय हमें अपने स्वदेशी विचार, उत्पाद और तकनीकी क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करना चाहिए।
यूपीआई की सफलता भारतीय तकनीक की ताकत
डॉ. सिंह ने कहा कि स्वदेशी का अर्थ केवल लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि देश में बड़े उद्योगों और आधुनिक तकनीकी क्षमताओं का विकास करना भी है। भारत में विकसित यूपीआई इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। शुरुआत में इसकी सफलता पर सवाल उठाए गए, लेकिन आज अनेक देशों में इसका उपयोग हो रहा है। यह भारतीय इंजीनियरों की क्षमता और देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहना उचित नहीं है। नागरिकों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे अपनी खरीदारी में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने अमेरिका में संतरे के अधिक उत्पादन और जापान में उपभोक्ताओं द्वारा स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का उदाहरण देते हुए कहा कि देश के नागरिक अपने बाजार और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हमें भी अपनी क्षमता के अनुसार स्वदेशी वस्तुओं की खरीद का संकल्प लेना चाहिए।
स्वदेशी उत्पादों से मजबूत होगी देश की अर्थव्यवस्था
स्वदेशी परमार संस्थान के अखिल भारतीय प्रमुख गौरव कुलश्रेष्ठ ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों की पहचान और उनके उपयोग को प्रोत्साहित करना है। दीपावली पर दीपक, मोमबत्तियां, कपड़े और अन्य सामग्री खरीदते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि हमारा पैसा भारतीय कारीगरों, उद्यमियों और श्रमिकों तक पहुंचे। इससे देश में रोजगार बढ़ेगा और भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
देशभर में 130 स्वदेशी मेले आयोजित करने का लक्ष्य
मेले की प्रस्तावना रखते हुए श्रीकांत भदौलिया ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना वर्ष 1991 में हुई थी। वर्ष 1992 से स्वदेशी मेलों के आयोजन की परंपरा प्रारंभ हुई। इस वर्ष देशभर में 130 स्वदेशी मेले आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन मेलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, छोटे उद्यमियों और महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराकर स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
थाली सजाओ प्रतियोगिता में साधना शर्मा प्रथम
मेले के नौवें दिन थाली सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने त्योहार, पूजा और पर्यावरण अनुकूल विषयों पर स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करते हुए आकर्षक थालियां सजाईं। प्रतियोगिता में साधना शर्मा ने प्रथम, मनीषा जैन ने द्वितीय, आर्यन रघुवंशी ने तृतीय, कनक सक्सेना ने चतुर्थ तथा प्रीति व्यास ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पांचों विजेताओं को तुलसी के पौधे भेंट किए गए।
मेले की सह संयोजक एवं सांस्कृतिक तथा प्रतियोगिता प्रमुख सीमा भारद्वाज ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ लोगों को भारतीय पर्वों एवं परंपराओं से जोड़ना था। अहोई अष्टमी के महत्व से परिचित कराने का भी प्रयास किया गया।
प्रतियोगिता में चावल के तीन रंगों के दानों से बनाया गया तिरंगा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
उन्होंने बताया कि लायंस क्लब की ओर से 50 तुलसी के पौधे उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को भेंट किया जाएगा। वहीं 'दामिनी की आवाज' की संस्थापिका अनीता आर्य ने दुर्गा शक्ति पर मंचीय प्रस्तुति देने वाले 25 बच्चों को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
योगासन, भजन और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गुरुकुल के विद्यार्थियों ने योगासनों का प्रदर्शन किया। मुक्ता डांस अकादमी के कलाकारों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही भजन संध्या और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मेला संयोजक सतीश विश्वकर्मा, स्वदेशी जागरण मंच के मध्य क्षेत्र संयोजक सुधीर दाते, श्रीकांत भदौलिया, सीमा भारद्वाज, दीपक वर्मा, रमन तिवारी, विनय कुमार सोनी तथा पूर्व योग आयोग प्रमुख विभीषण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन