भोपाल, 5 नवम्बर 2026। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में : हड़ताल से उत्पन्न कचरा संकट पर ग्राहक पंचायत ने नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Nov 5, 2026
हड़ताल से उत्पन्न कचरा संकट पर ग्राहक पंचायत ने नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
भोपाल, 5 नवम्बर 2026। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में उत्पन्न कचरा एवं स्वच्छता संकट को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भोपाल ने नगर पालिक निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वैकल्पिक सफाई व्यवस्था करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहर के प्रमुख व्यावसायिक एवं रिहायशी क्षेत्रों सहित विभिन्न वार्डों में कचरे के ढेर जमा हो रहे हैं। न्यू मार्केट, चौक बाजार, बिट्टन मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रभावित होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राहक पंचायत ने कहा कि नागरिकों द्वारा नियमित रूप से स्वच्छता कर का भुगतान किए जाने के बावजूद स्वच्छ वातावरण उपलब्ध न होना गंभीर चिंता का विषय है। कचरा जमा होने से डेंगू, चिकनगुनिया सहित अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है तथा आवारा पशुओं की आवाजाही से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
ग्राहक पंचायत की प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से नगर निगम प्रशासन से मांग की गई है कि हड़ताल समाप्त होने तक वैकल्पिक अथवा निजी एजेंसियों के माध्यम से मुख्य बाजारों एवं रिहायशी क्षेत्रों से तत्काल कचरा उठाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य की दृष्टि से कीटनाशक छिड़काव एवं फॉगिंग कराई जाए।
ग्राहक पंचायत ने शासन एवं प्रशासन से मध्यस्थता कर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का शीघ्र समाधान कराने की भी मांग की है। संगठन ने कहा कि यदि आगामी 24 से 48 घंटों के भीतर कचरा निस्तारण की प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था शुरू नहीं की जाती है, तो उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए वैधानिक उपायों एवं शांतिपूर्ण आंदोलन पर विचार किया जाएगा।
विज्ञापन