जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी : दूध, घी एवं दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध प्रदेशव्यापी अभियान में लापरवाही पर तीन खाद्य सुरक्षा अधिकारी निलंबित
Ashwani Kumar Sinha
Tue, Aug 11, 2026
दूध, घी एवं दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध प्रदेशव्यापी अभियान में लापरवाही पर तीन खाद्य सुरक्षा अधिकारी निलंबित
भोपाल। मध्यप्रदेश में दूध, घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान की खाद्य सुरक्षा प्रशासन के आयुक्त/नियंत्रक द्वारा आज समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अभियान के तहत सौंपे गए कार्यों के निष्पादन में लापरवाही पाए जाने पर तीन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबित अधिकारियों में श्री अवनीश गुप्ता, जिला मुरैना; श्रीमती प्रीति राय, जिला सागर तथा श्री राजेश राय, जिला पन्ना शामिल हैं।
इसके अलावा अभियान में अपेक्षित प्रगति एवं कार्यों के निष्पादन में कमी पाए जाने पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के 42 उपसंचालक/अभिहित अधिकारी/खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सिविल सेवा आचरण नियमों के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस/स्पष्टीकरण जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दूध, घी एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट तथा उनकी गुणवत्ता की जांच के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाया जा रहा है। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को अभियान के तहत निर्धारित कार्रवाई को गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन