पटेल की जयंती के अवसर पर शासकीय गीतांजलि कन्या महाविद्यालय, भोपाल में : सरदार पटेल की जयंती पर भाषण प्रतियोगिता, रन फॉर यूनिटी और राष्ट्रीय एकता की शपथ का आयोजन
Ashwani Kumar Sinha
Sat, Oct 31, 2026
सरदार पटेल की जयंती पर भाषण प्रतियोगिता, रन फॉर यूनिटी और राष्ट्रीय एकता की शपथ का आयोजन
भोपाल, 31 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शासकीय गीतांजलि कन्या महाविद्यालय, भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. जयश्री मिश्रा के मार्गदर्शन में भारतीय ज्ञान परंपरा समिति द्वारा ‘भारत के एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने सरदार पटेल की कूटनीतिक सूझबूझ, दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और देशी रियासतों के भारत में विलय के माध्यम से राष्ट्रीय एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विचार व्यक्त किए। छात्राओं ने सरदार पटेल 


को आधुनिक भारत की एकता और अखंडता का प्रमुख शिल्पकार बताया।
प्रतियोगिता में तैयबा बेग मिर्जा ने प्रथम, आंचल तिवारी ने द्वितीय तथा दीपिका सोलंकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नंदिनी तोमर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) इकाइयों द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। प्राचार्य डॉ. जयश्री मिश्रा ने छात्राओं को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के अंतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और भारत के राजनीतिक एकीकरण में उनके योगदान पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया, जिससे छात्राओं को उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी मिली।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
विज्ञापन