खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों के : होली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्ती, 10 से अधिक दुकानों से खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Feb 26, 2026
होली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्ती, 10 से अधिक दुकानों से खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए
भोपाल | 26 फरवरी 2026
होली के पर्व को ध्यान में रखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं कलेक्टर भोपाल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अभियान के अंतर्गत भोपाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल द्वारा मंगलवारा क्षेत्र स्थित अमित नमकीन सेंटर, रेलवे स्टेशन पावर हाउस रोड स्थित साहू मावा भण्डार, रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित शारदा स्वाद संसार मिष्ठान भण्डार, कटारा हिल्स स्थित परमार डेरी एवं समर्थ डेरी, बंगरासिया, 80 फीट रोड करोंद स्थित महादेव ग्राइंडिंग एवं न्यू भारत टी एण्ड किराना, तथा भोज कैफे सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य निर्माताओं एवं विक्रेताओं को स्वच्छ परिस्थितियों में गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ जैसे नमकीन, मिठाई, मावा आदि के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के सख्त निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए, जिनमें—
अमित नमकीन सेंटर से मिल्क केक एवं स्नैक्स
महादेव ग्राइंडिंग से लाल मिर्च पाउडर
न्यू भारत टी एण्ड किराना से सरसों का तेल
साहू मावा भण्डार से मावा एवं घी
शारदा स्वाद संसार मिष्ठान भण्डार से बर्फी एवं खुरमे
परमार डेरी से दूध
समर्थ डेरी से टोस्ट एवं पनीर
भोज कैफे से छोले, भटूरे, तेल एवं मैदा
शामिल हैं।
सभी खाद्य नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान केवल लाइसेंसधारी

एवं स्वच्छ प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री क्रय करें।
विज्ञापन