त्योहारों में मिलावट रोकने अभियान : भोपाल में खाद्य सुरक्षा की सख्ती: छात्रावासों, मेस-कैंटीन और खाद्य प्रतिष्ठानों की होगी जांच
Ashwani Kumar Sinha
Mon, Oct 12, 2026
भोपाल में खाद्य सुरक्षा की सख्ती: छात्रावासों, मेस-कैंटीन और खाद्य प्रतिष्ठानों की होगी जांच
त्योहारों में मिलावट रोकने, खाद्य कारोबारियों के प्रशिक्षण और शासकीय संस्थानों में सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने पर जोर
भोपाल, 12 अक्टूबर। आगामी त्योहारों में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और संस्थागत रसोईघरों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक अपर कलेक्टर श्री प्रकाश नायक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में छात्रावासों, विद्यालयों, अस्पतालों, मेस-कैंटीन और खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के साथ खाद्य कारोबारियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बताया कि 1 जुलाई से 12 अक्टूबर 2026 तक जिले में 564 निरीक्षण किए गए तथा 337 रेगुलेटरी और 409 सर्विलांस नमूने लिए गए। प्रयोगशाला जांच में 20 नमूने मानक और 17 नमूने असुरक्षित पाए गए। जब्त खाद्य सामग्री का मूल्य ₹32.40 लाख से अधिक बताया गया।
बैठक में बताया गया कि पिछले तीन महीनों में अपर कलेक्टर न्यायालय में खाद्य सुरक्षा से संबंधित 68 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें 13 का निराकरण किया गया। लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई पर जोर दिया गया।
छात्रावासों और कैंटीनों पर विशेष निगरानी
हाल में भोजन में छिपकली एवं अन्य अवांछित जीव-जंतु मिलने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शासकीय एवं निजी छात्रावासों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों तथा उनकी मेस-कैंटीन में निरीक्षण के लिए टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। जांच में रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण, कीट नियंत्रण, भोजन तैयार करने की प्रक्रिया और आवश्यक लाइसेंस-पंजीयन की जांच की जाएगी।
त्योहारों में मिलावट रोकने अभियान
दशहरा, नवरात्रि और दीपावली के मद्देनजर मिठाइयों, दूध-दुग्ध उत्पादों, नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण और पंजीयन पर जोर
बैठक में उचित मूल्य दुकानों, आंगनवाड़ियों, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, शासकीय कैंटीनों और मेस में लागू खाद्य सुरक्षा प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। संबंधित संस्थानों में आवश्यक खाद्य सुरक्षा पंजीयन अथवा लाइसेंस तथा FoSTaC प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए विभागीय समन्वय पर जोर दिया गया।
स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, सब्जी विक्रेताओं, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों और मेस-कैंटीन संचालकों के लिए फास्ट ट्रैक प्रशिक्षण एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रस्तुत विवरण के अनुसार 916 खाद्य नमूनों की जांच की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति विभागों के अधिकारियों, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों तथा उपभोक्ता प्रतिनिधि श्री विजय सक्सेना सहित सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट की रोकथाम और आम नागरिकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण, प्रशिक्षण तथा विभागीय समन्वय को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
विज्ञापन