जागरूकता एवं संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम : उपभोक्ता दिवस पर भोपाल में विशेष कार्यक्रम, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की सक्रिय भागीदारी
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Dec 24, 2025
उपभोक्ता दिवस पर भोपाल में विशेष कार्यक्रम, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की सक्रिय भागीदारी
भोपाल, 24 दिसंबर 2025।
उपभोक्ता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय भोपाल में शासन द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े विभिन्न शासकीय विभागों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भोपाल महानगर का प्रतिनिधि मंडल विशेष रूप से उपस्थित रहा, जिसमें जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रघुवंशी, जिला उपाध्यक्ष नीलेश श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता कमलेश शर्मा शामिल थे। प्रतिनिधियों ने संगठन की गतिविधियों एवं उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि उपभोक्ता दिवस उपभोक्ताओं के अधिकारों और संरक्षण के लिए किए गए संघर्षों की स्मृति है। उन्होंने बताया कि ग्राहक पंचायत के जन-जागरण प्रयासों के फलस्वरूप ही उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम लागू हुआ, जिससे उपभोक्ताओं को कानूनी अधिकार प्राप्त हुए।
जिला उपाध्यक्ष नीलेश श्रीवास्तव ने ग्राहक पंचायत द्वारा संचालित मार्गदर्शन केंद्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से उपभोक्ताओं को कानूनी एवं व्यावहारिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे अनेक मामलों का समाधान संभव हुआ है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विभागीय प्रतिनिधियों ने भी उपभोक्ता संरक्षण को सामाजिक सहभागिता से जोड़ने पर बल दिया। ग्राहक पंचायत के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं किसी भी समस्या की स्थिति में संगठन से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प व्यक्त किया गया कि शासन एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से ही उपभोक्ता अधिकारों की प्रभावी रक्षा संभव है। उपभोक्ता दिवस का यह आयोजन जागरूकता एवं संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
विज्ञापन