दुकानदार से फूड-ग्रेड पेपर या स्वीकृत पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने : अखबार में खाद्य सामग्री परोसना या पैक करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक, FSSAI ने फिर जारी की सख्त चेतावनी
Ashwani Kumar Sinha
Tue, Jun 16, 2026
अखबार में खाद्य सामग्री परोसना या पैक करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक, FSSAI ने फिर जारी की सख्त चेतावनी
नई दिल्ली/भोपाल, जून 2026। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण भारत (FSSAI) ने खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर, पैक कर या परोसकर देने की प्रथा पर एक बार फिर सख्त चेतावनी जारी की है। FSSAI ने खाद्य व्यवसाय संचालकों, होटल, रेस्टोरेंट, ठेला विक्रेताओं तथा आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों के सीधे संपर्क में अखबार का उपयोग बिल्कुल न करें।
FSSAI के अनुसार अखबार की छपाई में प्रयुक्त स्याही में लेड (सीसा), भारी धातुएं तथा अन्य रासायनिक तत्व मौजूद हो सकते हैं। गर्म, तैलीय अथवा नम खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने पर ये रसायन भोजन में मिल सकते हैं और लंबे समय में स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डाल सकते हैं।
प्राधिकरण ने यह भी बताया कि अखबार वितरण, परिवहन और भंडारण के दौरान धूल, गंदगी, बैक्टीरिया तथा अन्य रोगजनक तत्वों के संपर्क में आते हैं। ऐसे में अखबार में पैक या परोसा गया भोजन खाद्य जनित बीमारियों का कारण बन सकता है।
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक (पैकेजिंग) विनियम, 2018 के तहत अखबार या इसी प्रकार की मुद्रित सामग्री का उपयोग खाद्य पदार्थों को पैक करने, ढंकने, परोसने अथवा तले हुए खाद्य पदार्थों का अतिरिक्त तेल सोखने के लिए करना प्रतिबंधित है।
हाल ही में मुंबई में एक खाद्य विक्रेता द्वारा अखबार में खाद्य सामग्री पैक करने का मामला सामने आने के बाद FSSAI ने पूरे देश में इस नियम के पालन पर जोर दिया है तथा खाद्य व्यवसाय संचालकों को केवल फूड-ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जा सकती है।
जन-जागरूकता संदेश:
यदि आपको समोसा, कचौरी, पकौड़े, वड़ा पाव, जलेबी या अन्य खाद्य पदार्थ अखबार में लपेटकर दिए जा रहे हैं तो दुकानदार से फूड-ग्रेड पेपर या स्वीकृत पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने का आग्रह करें। सुरक्षित भोजन स्वस्थ जीवन की पहली शर्त है।
विज्ञापन