बीएचईएल की नौकरी छोड़कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक जीवन का : संघ के वरिष्ठ प्रचारक मंगेश पनालकर का निधन, छोला विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Jun 18, 2026
संघ के वरिष्ठ प्रचारक मंगेश पनालकर का निधन, छोला विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार
भोपाल, 18 जून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक श्री मंगेश पनालकर का गुरुवार प्रातः निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही संघ परिवार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
गुरुवार को भोपाल के छोला विश्राम घाट पर उनका अंतिम संस्कार श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर संघ के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री मंगेश पनालकर ने अपना जीवन राष्ट्रकार्य और संगठन निर्माण के लिए समर्पित किया था। उन्होंने भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) की नौकरी छोड़कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक जीवन का वरण किया और पूर्णकालिक रूप से संघ कार्य में जुट गए। अपने संगठनात्मक जीवन में उन्होंने संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए कई क्षेत्रों में कार्य किया तथा संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने इंदौर, भोपाल, विदिशा और ग्वालियर सहित विभिन्न स्थानों पर संघ के दायित्वों का निर्वहन किया। कार्यकर्ताओं के बीच वे एक कुशल संगठनकर्ता, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में प्रतिष्ठित थे। उनका जीवन सादगी, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक माना जाता था।
अपने मृदुभाषी स्वभाव और आत्मीय व्यवहार के कारण वे कार्यकर्ताओं में विशेष रूप से लोकप्रिय थे। वे संगठन के कार्यकर्ताओं से सहज संवाद स्थापित कर उन्हें राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते थे।
अंतिम संस्कार के अवसर पर संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं घुमंतू कार्य प्रमुख श्री गोरेलाल जी, क्षेत्र सह कार्यवाह श्री हेमंत मुक्तिबोध जी, विभाग संघचालक श्री सोमकांत उमालकर जी तथा विद्या भारती के अखिल भारतीय अधिकारी श्रीराम अरावकर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने श्री मंगेश पनालकर के संगठनात्मक योगदान को स्मरण करते हुए उनके निधन को संघ और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विज्ञापन