उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया : करोंद में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 10 क्विंटल संदिग्ध देसी घी जब्त, कीमत ₹5.50 लाख
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Jul 29, 2026
करोंद में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 10 क्विंटल संदिग्ध देसी घी जब्त, कीमत ₹5.50 लाख
भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन, भोपाल ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करोंद स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापामार कार्रवाई करते हुए लगभग 10 क्विंटल (938 किलोग्राम) संदिग्ध देसी घी जब्त किया है। जब्त घी का अनुमानित बाजार मूल्य ₹5.50 लाख बताया गया है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मनोज पुष्प के निर्देश तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में करोंद स्थित प्रोस्पेरिटी टेक, शॉप नं. 4 एवं 5, पंचवटी कॉलोनी फेज-2 पर निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान व्यवसायी सूरज पांडे के प्रतिष्ठान से गोवर्धन धौलपुर फ्रेश देसी घी एवं अमूल घी के 15 किलोग्राम, 5 किलोग्राम, 1 किलोग्राम, 500 ग्राम तथा 200 ग्राम पैकिंग सहित कुल 938 किलोग्राम घी भंडारित मिला।
प्रथम दृष्टया मिलावट की आशंका के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संपूर्ण स्टॉक जब्त कर लिया गया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर आवश्यक खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिला तथा लाइसेंस प्रदर्शित भी नहीं किया गया, जिसके संबंध में पृथक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संदेहास्पद घी के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट में मानक के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित व्यवसायी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी
शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश कुमार पटेल, जगदीश विश्वकर्मा, साधना सक्सेना एवं पूजा शाक्य द्वारा की गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कहा है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
विज्ञापन