महिलाओं को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना : भोपाल में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
Ashwani Kumar Sinha
Sat, Mar 7, 2026
भोपाल में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
भोपाल। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, मध्य भारत प्रांत, भोपाल महानगर द्वारा International Women's Day के उपलक्ष्य में शुक्रवार 7 मार्च को डी-26, 74 बंगला स्थित कार्यालय के नवीन विशाल सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 120 मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और ग्राहक पंचायत के कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रतिभा पांडे, सदस्य जिला उपभोक्ता आयोग थीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि Consumer Protection Act 2019 के लागू होने से पहले कई बड़ी कंपनियां विज्ञापनों में महिलाओं को भारतीय संस्कृति के विपरीत तरीके से प्रस्तुत करती थीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले कुछ विज्ञापनों में दिखाया जाता था कि किसी पुरुष ने डियोडरेंट लगाया और अचानक कई महिलाएं उसके पीछे चलने लगती हैं, या किसी दर्द निवारक तेल को लगाते ही तुरंत व्यक्ति चलने लगता है। ऐसे भ्रामक और अतिरंजित विज्ञापनों से उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जाता था, लेकिन नए कानून के बाद ऐसे विज्ञापनों पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई का प्रावधान है।
कार्यक्रम की विशिष्ट वक्ता उषा चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष राज्य बाल संरक्षण आयोग ने अपने संबोधन में कहा कि “महिला का केवल एक दिन या एक दिवस नहीं होता, बल्कि हर दिन महिला दिवस होता है। महिलाओं के बिना कोई घर, घर नहीं होता और घर की वास्तविक बुनियाद महिला ही होती है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुनंदा रघुवंशी, प्रांत सह-संयोजिका (महिला समन्वय) ने की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में Navratri के दौरान देवी को अनेक हाथों के साथ इसलिए दर्शाया जाता है क्योंकि मातृशक्ति एक साथ घर और समाज के अनेक कार्यों का संचालन करने की क्षमता रखती है।
इस अवसर पर मध्य भारत प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक भटनागर तथा प्रांत सह-संयोजिका वंदना सैनी, जो कार्यक्रम की संयोजिका भी थीं, विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रितु यादव ने ग्राहक पंचायत द्वारा उपभोक्ता हितों की रक्षा हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी मातृशक्तियों को दी।
कार्यक्रम स्थल पर कई महिलाओं द्वारा स्वदेशी एवं स्वयं निर्मित उत्पादों के छोटे-छोटे स्टॉल भी लगाए गए, जिनकी उपस्थित महिलाओं ने सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना

तथा स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया। बैनर कपड़े का बनाया गया था जो अत्यंत आकर्षक लग रहा था। उपस्थित सभी अतिथियों को चाय मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी गई तथा अंत में सभी को स्वल्पाहार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
विज्ञापन