संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी का संपर्क तथा ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था : होली 2026: मिलावटखोरी पर सख्ती, पूरे मध्यप्रदेश में विशेष अभियान; शिकायत नंबर अनिवार्य रूप से चस्पा करने की मांग
Ashwani Kumar Sinha
Tue, Feb 24, 2026
होली 2026: मिलावटखोरी पर सख्ती, पूरे मध्यप्रदेश में विशेष अभियान; शिकायत नंबर अनिवार्य रूप से चस्पा करने की मांग
भोपाल, 24 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को देखते हुए भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्देश पर मध्यप्रदेश में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश द्वारा समस्त कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, “होली एंटी एडल्ट्रेशन अभियान 2026” के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करने, संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेने तथा आवश्यकता होने पर मिलावटी सामग्री जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं नियम 2011 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
त्योहार के दौरान अधिक खपत वाले खाद्य पदार्थों — दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मावा, मिठाइयाँ, घी, खाद्य तेल, मसाले, ड्रायफ्रूट्स, चॉकलेट, बिस्किट, नमकीन और सेलिब्रेशन पैक — पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अस्वच्छ स्थानों पर खाद्य निर्माण एवं विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन मुख्यालय को अनिवार्य रूप से भेजा जाएगा।
इधर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भोपाल महानगर द्वारा मांग की गई है कि आम उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मिठाई एवं खाद्य विक्रय दुकान पर शासकीय कार्यालय का शिकायत संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाए। संगठन का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति मिलावटी या खराब मिष्ठान/खाद्य पदार्थ बेचता है, तो उपभोक्ता को तुरंत यह जानकारी होनी चाहिए कि वह शिकायत कहाँ और कैसे दर्ज कराए।
ग्राहक पंचायत ने प्रशासन से आग्रह किया है कि शिकायत हेल्पलाइन नंबर, संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी का संपर्क तथा ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था की जानकारी दुकानों में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराई जाए, ताकि मिलावटखोरों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और उपभोक्ताओं का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे।
विज्ञापन