रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड और आईएसबीटी क्षेत्र में निरीक्षण किया : आज भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Aug 13, 2026
भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
भोपाल। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना कार्रवाई लगातार की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने देर रात जैन डेयरी, कोलार तथा तड़के सुबह न्यू कृष्णा डेयरी, नादरा बस स्टैंड और नेशनल डेयरी सहित रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड और आईएसबीटी क्षेत्र में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पनीर की गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर संदेह होने पर लगभग 275 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.10 लाख रुपये बताई गई है।
विभाग ने जब्त पनीर के विधिवत नमूने लेकर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने से पहले जब्त पनीर को एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही इसकी वास्तविक संरचना और गुणवत्ता के संबंध में अंतिम निष्कर्ष निकलेगा।
यदि जांच में खाद्य पदार्थ निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है अथवा पनीर के स्थान पर अन्य वसा या वनस्पति वसा आधारित उत्पाद का उपयोग पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों और विनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि मिलावटी, अमानक तथा गलत नाम या दावे के साथ बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
विज्ञापन