बाल विवाह मुक्त कोरबा अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला : सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि हुए शामिल
Ashwani Kumar Sinha
Fri, Oct 30, 2026
बाल विवाह मुक्त कोरबा अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि हुए शामिल

कोरबा, 30 अक्टूबर। बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के पालन में शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष, कोरबा में एक दिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन (आईएएस) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला में श्री प्रतीक जैन ने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बसंत मिंज, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट (AVA), नीति आयोग की सुश्री नीलू पटेल तथा विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी श्री संदीप ने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों, कार्यशाला के प्रमुख विषयों और बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, आदिवासी विकास, पंचायत एवं समाज कल्याण विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित परियोजना अधिकारी, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव, सेक्टर पर्यवेक्षक, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त स्रोत संस्थाओं, हार्ड संस्था, धार्मिक अनुष्ठान एवं अन्य सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यशाला का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को अभियान के प्रति जागरूक करना, उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना तथा समन्वित प्रयासों के माध्यम से कोरबा जिले को बाल विवाह मुक्त बनाना रहा।
विज्ञापन