कई स्थानों पर ‘फ्रोजन डेजर्ट’ को ‘आइसक्रीम’ के रूप में बेचकर उपभोक्ताओ : भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान: आइसक्रीम कारोबारियों पर छापे, ‘फ्रोजन डेजर्ट’ की जांच तेज
Ashwani Kumar Sinha
Sat, May 30, 2026
भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान: आइसक्रीम कारोबारियों पर छापे, ‘फ्रोजन डेजर्ट’ की जांच तेज
भोपाल, 30 मई। भीषण गर्मी के दौरान आइसक्रीम की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी एवं उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान शुरू किया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर संचालित दो दिवसीय अभियान के तहत शुक्रवार को संभागीय उड़नदस्ता (भोपाल-नर्मदापुरम संभाग) के प्रभारी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण एवं सैंपलिंग की गई।
कार्रवाई के दौरान जे.के. रोड स्थित मीनाल रेजीडेंसी के पास महाकाल इंटरप्राइजेज से हैट्सन एग्रो प्रोडक्ट्स लिमिटेड (तमिलनाडु) द्वारा निर्मित ‘फ्लेवर्ड आइसक्रीम कसाटा स्लाइस’ एवं ‘फ्लेवर्ड आइसक्रीम पिस्ता टब’ के नमूने लिए गए।
कटारा हिल्स स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड से अमूल आइसक्रीम तथा लहारपुर स्थित सनी इंटरप्राइजेज से क्वालिटी वॉल्स आइसक्रीम के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
इसके अतिरिक्त आनंदपुरा, कोकता स्थित आनंद आइसक्रीम एंड डेयरी प्रोडक्ट्स निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान परिसर में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कमियां पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम 2011 के शेड्यूल-4 के अंतर्गत सुधार सूचना (नोटिस) जारी की गई। निर्धारित 14 दिवस में सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आइसक्रीम एवं फ्रोजन डेजर्ट उत्पादों की लेबलिंग और ब्रांडिंग की जांच करना है। गर्मियों में कई स्थानों पर ‘फ्रोजन डेजर्ट’ को ‘आइसक्रीम’ के रूप में बेचकर उपभोक्ताओं को भ्रमित करने की शिकायतें प्राप्त होती हैं। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उत्पादों की बिक्री खाद्य सुरक्षा मानकों एवं नियमानुसार ही हो।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच
रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन