शासन की अपील विश्वसनीय और लाइसेंसधारी से ही खाद्य सामग्री खरीदें : भोपाल में होली से पहले मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 27 क्विंटल मावा व 45 किलो पनीर जप्त
Ashwani Kumar Sinha
Fri, Feb 27, 2026
होली से पहले मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 27 क्विंटल मावा व 45 किलो पनीर जप्त
आगामी होली पर्व के मद्देनज़र आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं दुग्ध पदार्थों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर भोपाल के निर्देशन एवं वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आज दिनांक 27 फरवरी 2026 को खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग भोपाल की संयुक्त टीम द्वारा सघन कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान खजूरी सड़क रोड स्थित टोल प्लाजा के पास एक पिकअप वाहन से लगभग 27 क्विंटल मावा (अनुमानित बाजार मूल्य करीब 6 लाख रुपये) एवं 45 किलो पनीर बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया मिलावट की शंका के आधार पर मावा व पनीर को जप्त करते हुए पांच–पांच नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि विगत एक माह में संयुक्त टीम द्वारा भोपाल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई करते हुए नमकीन, मिठाई, पनीर, तेल, मैदा, बेसन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 234 नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान केवल विश्वसनीय व लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें
और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग को करें।
विज्ञापन