मिलावट, गुणवत्ता या स्वच्छता संबंधी शिकायतों की सूचना विभाग को देने की : भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: Zomato Hyperpure सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से 20 खाद्य नमूने जांच के
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Jul 22, 2026
भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: Zomato Hyperpure सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से 20 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
भोपाल, 22 जुलाई। कलेक्टर भोपाल के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बुधवार को जिले में विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाते हुए डेयरियों, संस्थागत कैंटीन तथा खाद्य भंडारण इकाइयों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 20 खाद्य नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
डेयरियों से दूध, पनीर, दही और घी के नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने राधा कृष्णा डेयरी (सीटीओ बैरागढ़), श्री कृष्णा डेयरी (दाता कॉलोनी), सौरभ पॉइंट (बैरागढ़) तथा गुरवानी किराना एंड प्रोटीन (बैरागढ़) से दूध के नमूने लिए। वहीं महादेव गंगे दूध डेयरी (वन ट्री हिल्स) से पनीर, मिक्स मिल्क एवं दही तथा बॉम्बे दूध डेयरी (ईटखेड़ी) से दूध एवं घी के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
उपभोक्ता शिकायत पर कैंटीन में कार्रवाई
पीपुल्स डेंटल हॉस्पिटल परिसर स्थित श्रीजी एंटरप्राइजेज द्वारा संचालित कैंटीन/मेस के विरुद्ध प्राप्त शिकायत पर तत्काल निरीक्षण किया गया। यहां से घी के दो वैधानिक नमूनों के साथ बेसन, नमक एवं इमली के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे गए।
Zomato Hyperpure का भी हुआ निरीक्षण
विशेष अभियान के तहत Zomato Hyperpure Pvt. Ltd. के भोपाल सीपीसी का विस्तृत निरीक्षण किया गया। यहां से अमूल गोल्ड मिल्क, अमूल ताज़ा मिल्क एवं अमूल पनीर सहित दो वैधानिक और तीन सर्विलांस नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों की जांच में पाया गया कि कंपनी विभिन्न संस्थागत ग्राहकों एवं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, जिनमें Blinkit भी शामिल है, को खाद्य सामग्री की आपूर्ति करती है। साथ ही, Near Expiry, Near Use By Date एवं Near Best Before Date वाले उत्पादों को वापस लेकर उनके पृथक्करण एवं निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
अंतिम निस्तारण के दस्तावेज नहीं मिले
जांच के दौरान कंपनी ने संबंधित एमओयू, वेस्ट सर्टिफिकेट एवं अन्य रिकॉर्ड प्रस्तुत किए, लेकिन खाद्य अपशिष्ट के अंतिम वैज्ञानिक निस्तारण (Final Decomposition/Processing/Disposal) से संबंधित प्रमाण-पत्र तथा अंतिम प्रोसेसिंग एजेंसी द्वारा जारी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में संबंधित खाद्य व्यवसाय संचालक को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं तथा विभाग ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि सभी 20 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना असुरक्षित, अमानक, मिथ्या छाप वाला अथवा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करता पाया गया, या दस्तावेजों की जांच में अनियमितता सामने आई, तो संबंधित खाद्य व्यवसाय संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, साधना सक्सेना, अरुण कुमार पटेल, जगदीश प्रसाद लोधवंशी एवं जगदीश विश्वकर्मा द्वारा की गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने नागरिकों से खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता या स्वच्छता संबंधी शिकायतों की सूचना विभाग को देने की अपील की है, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए त्वरित कार्रवाई की जा सके।
विज्ञापन