Manufacturer–Super Stockist–Distributor–Retailer स्तर तक पूरी सप्लाई : पटेल नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2,095 लीटर/किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Aug 6, 2026
पटेल नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2,095 लीटर/किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त
भोपाल। दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, भोपाल की टीम ने पटेल नगर स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स पर कार्रवाई करते हुए करीब 2,095 लीटर/किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। जब्त घी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12.66 लाख रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को प्राप्त सूचना के आधार पर 58, पटेल नगर, हमीदिया रोड, भोपाल स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान धौलपुर फ्रेश दानेदार देसी घी और गोवर्धन प्योर काउ घी का बड़ी मात्रा में भंडारण पाया गया।
विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया घी की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने तथा उसमें मिलावटी घी अथवा अन्य वेजिटेबल फैट की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत स्टॉक को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया।
कार्रवाई में करीब 655 किलोग्राम धौलपुर फ्रेश घी, जिसकी अनुमानित कीमत 4.48 लाख रुपये, तथा करीब 1,440 लीटर गोवर्धन घी, जिसकी अनुमानित कीमत 8.18 लाख रुपये, जब्त किया गया।
इंदौर से भोपाल पहुंचा था घी
जांच के दौरान प्रस्तुत किए गए बिल, चालान और क्रय-विक्रय अभिलेखों की जांच में सामने आया कि दोनों ब्रांड का घी इंदौर स्थित सुपर स्टॉकिस्ट/सीएंडएफ एजेंटों के माध्यम से भोपाल पहुंचा था। विभाग के अनुसार धौलपुर फ्रेश घी की आपूर्ति निर्माता Bhole Baba Milk Food Industries (Dholpur) Pvt. Ltd. के इंदौर कार्यालय के माध्यम से, जबकि गोवर्धन घी की आपूर्ति Parag Milk Foods Ltd. के अधिकृत इंदौर सुपर स्टॉकिस्ट के माध्यम से की गई थी।
पूरी सप्लाई चेन जांच के दायरे में
खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब Manufacturer–Super Stockist–Distributor–Retailer स्तर तक पूरी सप्लाई चेन की जांच शुरू कर दी है। जांच में यदि किसी स्तर पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित निर्माता, सुपर स्टॉकिस्ट, परिवहनकर्ता, वितरक अथवा अन्य जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जब्त घी के विधिक नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। घी में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी वास्तविक स्थिति प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि भोपाल जिले में दूध, घी, पनीर, मावा सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की जांच का अभियान जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्री अरुणेश पटेल, श्री पंकज श्रीवास्तव एवं श्री जे.पी. लववंशी तथा विभागीय टीम द्वारा की गई।
विज्ञापन