हम्बल काउ फूड्स में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच, स्किम्ड मिल्क पाउडर : भोपाल। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश पर गठित संभागीय उड़न दस्ते ने
Ashwani Kumar Sinha
Sun, Sep 27, 2026
हम्बल काउ फूड्स में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच, स्किम्ड मिल्क पाउडर सहित तीन नमूने लिए
भोपाल। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश पर गठित संभागीय उड़न दस्ते ने कुरावर-पीपलखेड़ी स्थित हम्बल काउ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने प्रतिष्ठान के मैनेजर महेश लोधी की मौजूदगी में निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान दही, पनीर, मावा सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण, पैकिंग, भंडारण और विक्रय व्यवस्थाओं की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान परिसर में मैक्सी फ्रेश स्किम्ड मिल्क पाउडर की 25 किलोग्राम क्षमता वाली एक बोरी मिली। अधिकारियों के अनुसार बोरी पर बैच नंबर, पैकिंग दिनांक, निर्माण इकाई का नाम-पता सहित आवश्यक लेबलिंग संबंधी विवरण अंकित नहीं पाए गए। प्रतिष्ठान के प्रतिनिधि ने इसकी बाजार कीमत करीब 7,500 रुपये प्रति बोरी बताई।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए टीम ने स्किम्ड मिल्क पाउडर की करीब 23 किलोग्राम मात्रा, पनीर और मावा के नमूने लिए। इन नमूनों को अधिकृत खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थों का उचित संधारण तथा परिसर में साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था पाई गई। हालांकि, निरीक्षण के समय टेक्निकल पर्सन मौके पर मौजूद नहीं था, जिसे बाद में बुलाया गया। वहीं कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। अधिकारियों ने संबंधित अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई में स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिला राजगढ़ सुरेंद्र सिंह खत्री तथा संभागीय उड़न दस्ते के खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक, अरुणेश कुमार पटेल, पंकज श्रीवास्तव और अखिलेश गंगवाल शामिल रहे।
खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियम-विनियमों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन