आगामी 25 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर भी बड़ी संख्या में पथ संचलन : भोपाल। विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में 50 से अधिक पथ संचलन एवं
Ashwani Kumar Sinha
Tue, Oct 20, 2026
विजयादशमी पर भोपाल में संघ के पथ संचलन, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संगम
भोपाल। विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में 50 से अधिक पथ संचलन एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्ण गणवेश में कदमताल करते स्वयंसेवकों का नागरिकों ने अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अब तक 68 पथ संचलन संपन्न हो चुके हैं, जबकि 150 से अधिक संचलन आयोजित करने की योजना है। आगामी 25 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर भी बड़ी संख्या में पथ संचलन होंगे।
अंबेडकर नगर की कोटरा बस्ती में सरस्वती स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रांत संघचालक अशोक पांडे मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने संघ की स्थापना, सौ वर्ष की यात्रा और वर्तमान समय में संघ कार्य की भूमिका पर विचार रखते हुए पंच परिवर्तन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, समरसता और सेवा भाव बढ़ाने का आह्वान किया।
नेहरू नगर बस्ती में डी सेक्टर स्थित पानी की टंकी के पास शस्त्र पूजन एवं पथ संचलन कार्यक्रम में भोपाल विभाग प्रचारक कैलाश लोवंशी मुख्य वक्ता रहे। नगर संघचालक गोपालदास मेहता, 
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी व शास्त्रीय गायक उल्लास तैलंग तथा अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख दीपक बिस्पुते उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सामाजिक परिवर्तन में नागरिकों की भूमिका, संगठित समाज और राष्ट्रीय दायित्वों पर प्रकाश डाला।
अंबेडकर बस्ती के आराधना उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में तात्या टोपे भाग संघचालक ज्ञान प्रकाश तिवारी मुख्य वक्ता रहे। सह संघचालक रामस्वरूप राय और कार्यक्रम अध्यक्ष विकास शर्मा की उपस्थिति में संघ की सौ वर्ष की यात्रा, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन और पंच परिवर्तन पर विचार रखे गए। वक्ताओं ने परिवार में संस्कारों को मजबूत करने, सामाजिक भेदभाव दूर करने और सभी वर्गों के साथ मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।
विभिन्न क्षेत्रों में निकले पथ संचलनों के दौरान नागरिकों की पुष्पवर्षा और सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रमों के माध्यम से अनुशासन, संगठन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान का संदेश दिया गया।
विज्ञापन