खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच में 10 खाद्य नमूने संकलित : भोपाल। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, भोपाल द्वारा प्राप्त शिकायतों तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच
Ashwani Kumar Sinha
Tue, Sep 29, 2026
खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच में 10 खाद्य नमूने संकलित
भोपाल। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, भोपाल द्वारा प्राप्त शिकायतों तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के लिए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा की जांच के लिए कुल 10 खाद्य नमूने नियमानुसार संकलित किए गए।
मंदाकिनी स्क्वायर स्थित टेस्ट ऑफ छेना के संबंध में मिठाई में इल्लियां/कीट पाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर गुलाब मैंगो चॉकलेट स्वीट, मटर मातृ एवं नमकीन सेव, मिल्क केक तथा मैंगो चॉकलेट स्वीट के नमूने लिए गए।
इसी क्रम में डीबी सिटी मॉल स्थित मैकडोनाल्ड का सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। यहां से French Fries (Loose), Mustard Sauce (Packed) तथा Palmolein Oil (Loose) के तीन नमूने संकलित किए गए।
इसके अलावा बैरागढ़ क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान मोहनदास भोजराजमल किराना से सोयाबीन ऑयल, बजरंग किराना से मस्टर्ड ऑयल तथा एक खाद्य प्रतिष्ठान से छेना का नमूना लिया गया।
सभी संकलित नमूनों को विधिवत सीलबंद कर 
खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में विश्लेषण के लिए भेजने की कार्रवाई की गई है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संकलन की कार्रवाई निरंतर जारी है।
विज्ञापन