राजधानी भोपाल में मिलावटी जूस-लस्सी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन : अत्यधिक सस्ते, कृत्रिम रंग वाले और असामान्य रूप से चमकीले खाद्य पदार्थों एवं पेय पदार्थों के सेवन से बचें
Ashwani Kumar Sinha
Thu, May 7, 2026
राजधानी भोपाल में मिलावटी जूस-लस्सी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
मानव अधिकार आयोग के संज्ञान के बाद कई नामी दुकानों पर छापेमारी, नमूने जांच हेतु भेजे गए
भोपाल। राजधानी भोपाल में मिलावटी जूस, लस्सी और खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा मामले में संज्ञान लेने और कलेक्टर के निर्देश के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित कई प्रसिद्ध जूस सेंटरों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर खाद्य नमूने जब्त किए।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
जांच दल द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित निम्न प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए—
न्यू फेमस एंड रेस्टोरेंट
बॉम्बे जूस कॉर्नर
घमंडी लस्सी
आदर्श जूस सेंटर
बॉम्बे जूस सेंटर
आगरा समोसा कॉर्नर
फेमस जूस कॉर्नर
श्री कृष्णा लस्सी कॉर्नर
गुजरात कोल्ड ड्रिंक एंड जूस सेंटर
इन दुकानों से मैंगो जूस, लस्सी, मैदा, गुलाब जामुन, मठरी सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
नकली एसेंस और रसायनों के उपयोग का संदेह
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कई विक्रेता मैंगो शेक और अन्य पेय पदार्थों में कृत्रिम रंग टार्ट्राजीन, सिंथेटिक एसेंस, थिकनर और अत्यधिक मात्रा में सैकरीन का उपयोग कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे रसायन किडनी और लिवर के लिए गंभीर रूप से हानिकारक हो सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने क्या कहा
मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत की गई है। सभी संदिग्ध नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट में मिलावट प्रमाणित होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी।
जनता से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक सस्ते, कृत्रिम रंग वाले और असामान्य रूप से चमकीले खाद्य पदार्थों एवं पेय पदार्थों के सेवन से बचें
, क्योंकि ये स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।
दिनांक : 07 मई 2026
— खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल
विज्ञापन