15 मिनट की फ्री ड्रॉप-ऑफ अवधि बढ़ाकर 30 मिनट करने, जाम से राहत और : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने DRM को सौंपा ज्ञापन, रानी कमलापति स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था में सुधार की मांग
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Aug 5, 2026
रानी कमलापति स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग, ग्राहक पंचायत ने DRM को सौंपा ज्ञापन
भोपाल, 4 अगस्त 2026। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था, यातायात जाम और पार्किंग शुल्क की वसूली को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भोपाल ने मंडल रेल प्रबंधक (DRM), भोपाल मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है।
ग्राहक पंचायत का कहना है कि स्टेशन पर यात्रियों और नागरिकों को पार्किंग एवं ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था के कारण लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में विशेष रूप से 15 मिनट की निर्धारित समय सीमा का मुद्दा उठाया गया है। संगठन के अनुसार, कई बार स्टेशन परिसर में भीड़ और यातायात जाम के कारण वाहन समय पर बाहर नहीं निकल पाते और निर्धारित समय सीमा पार होने पर यात्रियों को पार्किंग शुल्क का भुगतान करना पड़ता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कई नागरिक केवल कुछ मिनट के लिए यात्रियों को छोड़ने या लेने स्टेशन पहुंचते हैं, लेकिन ट्रेन के आगमन-प्रस्थान के समय होने वाले जाम के कारण उन्हें अनावश्यक रूप से अधिक समय लग जाता है। ग्राहक पंचायत ने मांग की है कि जाम अथवा यातायात अव्यवस्था के कारण होने वाली देरी का आर्थिक भार आम यात्रियों पर नहीं डाला जाना चाहिए।
30 मिनट की फ्री ड्रॉप-ऑफ अवधि की मांग
ग्राहक पंचायत ने वर्तमान 15 मिनट की नि:शुल्क ड्रॉप-ऑफ अवधि को बढ़ाकर कम से कम 30 मिनट करने की मांग की है। साथ ही ट्रेन के आगमन एवं प्रस्थान के समय पार्किंग क्षेत्र और एप्रोच रोड पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों अथवा ट्रैफिक मार्शल की तैनाती का सुझाव दिया है।
ज्ञापन में स्टेशन की यात्री क्षमता के अनुरूप पार्किंग स्थल का विस्तार करने तथा पिक-अप एवं ड्रॉप-ऑफ लेन को अधिक चौड़ा और व्यवस्थित करने की मांग भी की गई है।
ग्राहक पंचायत ने DRM से आग्रह किया है कि मामले को जनहित से जुड़ा विषय मानते हुए पार्किंग ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं तथा व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाए, जिससे यात्रियों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
विज्ञापन