संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं की सक्रिय भागीदारी : 14 वर्ष बाद मालवी स्वर्णकार समाज, मध्य प्रदेश का सर्वसम्मति से निर्वाचन सम्पन्न
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Jun 25, 2026
14 वर्ष बाद मालवी स्वर्णकार समाज, मध्य प्रदेश का सर्वसम्मति से निर्वाचन सम्पन्न
कालापीपल (शाजापुर), 24 जून। मालवी स्वर्णकार समाज, मध्य प्रदेश का बहुप्रतीक्षित निर्वाचन 14 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद मंगलवार को शाजापुर जिले के कालापीपल में सौहार्दपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया दोपहर 1 बजे आयोजित की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों, समाजसेवियों एवं युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
निर्वाचन में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। समाज की सहमति से धर्मचंद सोनी (मगरदा) को अध्यक्ष, अजय सोनी (भोपाल) को उपाध्यक्ष, सोनू सोनी (कालापीपल) को सचिव तथा संतोष सोनी (भोपाल) को कोषाध्यक्ष चुना गया।
निर्वाचन सम्पन्न होने के बाद नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का समाजजनों द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई। इस अवसर पर समाज की एकता, संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सामाजिक उत्थान के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के सभी 

सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संगठन को अधिक सशक्त बनाने तथा समाज के विकास और कल्याण के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का समापन समाज की प्रगति, एकजुटता एवं सामाजिक विकास के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित समाजबंधुओं ने नवगठित कार्यकारिणी के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
विज्ञापन