भोपाल में खाद्य प्रतिष्ठानों पर व्यापक जांच, लिए गए खाद्य नमूने : सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर कार्रवाई; स्विगी इंस्टामार्ट में 2000 से अधिक खाद्य उत्पादों के बिल-बीजक और स्रोत की जांच
Ashwani Kumar Sinha
Mon, Sep 21, 2026
भोपाल में खाद्य प्रतिष्ठानों पर व्यापक जांच, लिए गए खाद्य नमूने
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर कार्रवाई; स्विगी इंस्टामार्ट में 2000 से अधिक खाद्य उत्पादों के बिल-बीजक और स्रोत की जांच
भोपाल। खाद्य सुरक्षा विभाग, भोपाल द्वारा सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के पालन में शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई और कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
डीबी मॉल, एमपी नगर स्थित ढाबा रेस्टोरेंट में आटा, मैदा और पनीर टिक्का के नमूने लिए गए। निरीक्षण में खुला डस्टबिन, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण की कमी तथा कर्मचारियों के मेडिकल/फिटनेस प्रमाण-पत्र और जल परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। इसी परिसर के 10 Downing Street में भी स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण संबंधी कमियां पाई गईं।
तनातन ढाबा, अयोध्या बायपास से बेसन, त्रिवेणी आटा चक्की, सर्वधर्म, कोलार रोड से आटा तथा देशी ढाबा, कालापानी-बैरागढ़ सिटी से चिकन का नमूना लिया गया। Pirates of Grill Restaurant, डीबी मॉल में बीयर एवं पनीर के नमूने लिए गए और स्वच्छता सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं Delicious Restaurant & Ice Cream Food Court, Peoples Mall से आलू, पनीर, आलू पेटीज और फुलकी के नमूने लिए गए।
बैरागढ़ में भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बैरागढ़ क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। राधा फास्ट फूड, मिनी मार्केट रोड में खाद्य पंजीयन की अवधि समाप्त पाई गई। इस पर बिना वैध पंजीयन खाद्य कारोबार संचालित करने का प्रकरण बनाया गया। प्रतिष्ठान से सॉस और मैदा के नमूने लिए गए।
नैना चाट भंडार से समोसा एवं बेसन तथा नीलम चाट भंडार से आलू बड़े एवं सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूने खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
स्विगी इंस्टामार्ट में 2000 से अधिक खाद्य उत्पादों की जांच
बागसेवनिया स्थित स्विगी इंस्टामार्ट, रामेश्वरम्, ज्योति नगर में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार प्रतिष्ठान का FSSAI लाइसेंस उपलब्ध पाया गया और निरीक्षण के समय किसी खाद्य पदार्थ की एक्सपायरी डेट समाप्त नहीं मिली।
प्रतिष्ठान में करीब 2000 से अधिक प्रकार के खाद्य उत्पाद पाए गए, जिनमें फ्रोजन फूड, बच्चों के खाद्य पदार्थ, पनीर, घी, चिकन, मटन, मसाले, खाद्य तेल, आटा और ब्रेड सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान कई खाद्य पदार्थों के क्रय बिल/बीजक मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके अलावा कुछ उत्पादों के स्रोत एवं प्रकृति का विस्तृत सत्यापन आवश्यक पाया गया।
विभाग द्वारा संबंधित खाद्य पदार्थों के क्रय स्रोत, बिल-बीजक, बैच विवरण, लेबलिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि सहित अन्य अभिलेखों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक खाद्य पदार्थों के ऑनलाइन विक्रय/अभिक्रय को अस्थायी रूप से रोकने की कार्रवाई की गई है।
निरीक्षण के दौरान सिगरेट के पैकेट भी पाए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह विषय खाद्य सुरक्षा संबंधी कार्रवाई से अलग है और इसके संबंध में संबंधित सक्षम विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार लिए गए खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूपता का परीक्षण किया जाएगा। प्रतिकूल रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, वैध पंजीयन/लाइसेंस तथा आवश्यक अभिलेखों के संधारण के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन