ग्वालियर में ‘English & Soft Skills’ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम : 25 सितंबर। शासकीय भगवत सहाय महाविद्यालय, ग्वालियर के स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के
Ashwani Kumar Sinha
Fri, Sep 25, 2026
ग्वालियर में ‘English & Soft Skills’ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
ग्वालियर, 25 सितंबर। शासकीय भगवत सहाय महाविद्यालय, ग्वालियर के स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘English & Soft Skills’ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के बी-ब्लॉक स्थित सभाकक्ष में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्षता वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी. वी. सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रकोष्ठ की प्रभारी अधिकारी (TPO) डॉ. ज्योति शर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि समीक्षा इंस्टीट्यूट, ग्वालियर के डायरेक्टर श्री नरेन्द्र भदौरिया ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। अंग्रेजी भाषा, संप्रेषण क्षमता और सॉफ्ट स्किल्स विद्यार्थियों के करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का व्यावहारिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. विजय गंभीर ने व्यक्तित्व विकास एवं संप्रेषण कौशल को विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। डॉ. जे. एल. गुप्ता ने कहा कि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक होते हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. डी. वी. सिंह ने कहा कि कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर रोजगारोन्मुखी गतिविधियां संचालित कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में समीक्षा इंस्टीट्यूट के
प्रशिक्षक श्री प्रदीप वर्मा एवं श्री विनोद शर्मा विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे। डॉ. ज्योति शर्मा ने प्रकोष्ठ की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर एवं रोजगार योग्य बनाना प्रकोष्ठ का प्रमुख उद्देश्य है।
इस अवसर पर डॉ. राहिल सत्यानिधान, डॉ. आभा बाजपेयी, डॉ. सीता अग्रवाल, डॉ. नाजनीन बानो, श्रीमती आयुषी जैन, डॉ. योगेंद्र जैन सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. एल. एन. आर्य ने अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन