जांच एवं कार्रवाई FSSAI भारत सरकार के केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियो : चूहों की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई: कोर्टयार्ड बाय मैरियट भोपाल का फूड लाइसेंस निलंबित
Mon, Jun 8, 2026
चूहों की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई: कोर्टयार्ड बाय मैरियट भोपाल का फूड लाइसेंस निलंबित
भोपाल, 08 जून 2026। राजधानी भोपाल स्थित डीबी सिटी, अरेरा हिल्स में संचालित डीलीजेंट होटल कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (कोर्टयार्ड बाय मैरियट भोपाल) के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई की गई है। शिकायत मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों एवं राज्य खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने होटल परिसर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान होटल के किचन एवं स्टोर क्षेत्रों में चूहों की मौजूदगी पाई गई। पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड की जांच में भी परिसर में चूहों के संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त होटल की विभिन्न रसोइयों में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि होटल में उपयोग किए जा रहे शुगर सैशे (चीनी के पाउच) एक तृतीय पक्ष इकाई से प्राप्त किए जा रहे थे, जिनका आवश्यक अनुमोदन एवं समर्थन उपलब्ध नहीं था। साथ ही शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को बिना उचित पृथक्करण के एक साथ संग्रहित किया जाना पाया गया, जिससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका बढ़ जाती है।
निरीक्षण दल ने पाया कि भंडारण एवं खाद्य तैयारी से संबंधित बुनियादी ढांचा भी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था तथा भोजन को दूषण से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं थीं। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली (FSMS) तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लाइसेंसिंग एवं खाद्य व्यवसायों का पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के प्रावधानों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा था।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए FSSAI के केंद्रीय अभिहित अधिकारी ने होटल की खाद्य व्यवसाय गतिविधियों एवं उसके केंद्रीय खाद्य लाइसेंस (संख्या 11421999000174) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस केंद्रीय श्रेणी का होने के कारण जांच एवं कार्रवाई FSSAI, भारत सरकार के केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा की गई। केंद्रीय अधिकारियों की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ समझौता करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
सनातन संस्कृति में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा प्राचीन काल : विश्व पर्यावरण दिवस पर महिला मंडल ने दिया स्वच्छता और वृक्षारोपण का संदेश
Fri, Jun 5, 2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर महिला मंडल ने दिया स्वच्छता और वृक्षारोपण का संदेश
भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर शासकीय आवास, कोटरा सुल्तानाबाद, भोपाल के महिला मंडल द्वारा नर्मदा तट स्थित आवला घाट पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जागरण का प्रेरक अभियान चलाया गया।
महिला मंडल की सदस्याएं स्नान-ध्यान के लिए आवला घाट पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने घाट पर तीर्थयात्रियों द्वारा छोड़े गए कपड़े, पन्नियां एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर स्वच्छता अभियान चलाया तथा कचरे को निर्धारित कूड़ेदानों में डाला। साथ ही घाट क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
महिलाओं ने बताया कि सनातन संस्कृति में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा प्राचीन काल से रही है। पीपल, बरगद, आंवला जैसे वृक्षों की पूजा, हरियाली अमावस्या जैसे पर्व तथा बेलपत्र सहित विभिन्न वनस्पतियों के प्रति श्रद्धा का भाव पर्यावरण संरक्षण का ही संदेश देता है। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को पूजनीय माना गया है।
अभियान के अंतर्गत महिला मंडल द्वारा अपने साथ लाए गए पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। विशेष बात यह रही कि घाट क्षेत्र के दुकानदारों ने स्वेच्छा से इन पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली।
इस अवसर पर समाजसेवी निशा उपाध्याय, शीला, जया, नीरा, रजनी एवं सरोज सहित महिला मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
महिला मंडल का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने वाला प्रेरणादायी उदाहरण बना।